प्रेगनेंसी के दौरान इन तरीकों से रखें सेहत का ख्याल
गर्भावस्था के दौरान सेहत का ख्याल रखना बेहद मुश्किल हो जाता है। शरीर में कैल्शियम व विटामिनों की कमी भी हो जाती है। त्वचा भी डल हो जाती है। ऐसे में शरीर का ख्याल रखने के लिए नियमित व्यायाम और संतुलित भोजन करना बेहद आवश्यक है।
सौंदर्य को बनाए रखने के लिए गर्भवती महिला का स्वस्थ रहना आवश्यक है। इसके लिए नियमित डाक्टरी जांच और डॉक्टर के निर्देशों का सख्ती से पालन करने में जरा सी भी लापरवाही बरतना ठीक नहीं है। इस अवधि में महिलाओं को मानसिक रूप से प्रसन्न रहना चाहिए। आशा और संतोष के सहारे नौ माह तक नन्हे मेहमान की प्रतीक्षा में पलक झपकते बीतते प्रतीत होते हैं।
कोई हल्का व्यायाम नियमित रूप से डॉक्टर की सलाह पर ही करें। प्रात:कालीन भ्रमण पर जाएं। इससे रक्त संचार ठीक रहेगा व त्वचा निखरेगी। गर्भावस्था के अंतिम दिनों में हल्के व्यायाम भी अत्यंत सावधानी पूर्वक करें। वैसे भी व्यायाम आदि भली प्रकार सीखकर ही करने चाहिए।
विटामिन की कमी के कारण आंखों की स्वाभाविक चमक कम हो जाती है। अतः सावधानी बरतें। संतुलित भोजन का सेवन व विटामिन लेने से समस्या पास नहीं आती। भौंहों के बाल झड़ते हों तो जैतून के तेल की धीरे-धीरे मालिश करें। सोने से पूर्व आंखों में गुलाब जल डालें।
वस्त्र ढीले-ढीले पहने तो सुविधा रहेगी। साड़ी हल्की पहनें। घर पर रहकर गाउन पहनना सुविधाजनक रहता है। वस्त्रों के रंग चटकीले न होकर हल्के होने चाहिए।
डॉक्टरी सलाह से या सामान्य रूप से संतुलित भोजन, जिसमें दूध, दही, हरी सब्जियां, फल आदि हों, करें और मिर्च मसाले, चाय-कॉफी, चिकनाई तथा मादक पदार्थों का परहेज रखें। फलों का रस लाभकारी रहता है। पानी भी खूब पीना चाहिए। रक्तचाप बढ़ने पर नमक का सेवन कम कर दें |
इन सब उपाए से प्रेगनेंसी के दौरान भी महिलाएं स्वस्थ रहेंगी और शरीर में पोषण की भी कमी नहीं रहेगी।