
देशभर में मानसून का असर दिखने लगा है। उत्तर भारत में भी लंबे समय से जिस बारिश का इंतजार था वो भी अब देखने को मिल रही है। हालांकि शुरुआती बारिश से लोगों को थोड़ी ही राहत मिली है। उधर महाराष्ट्र के मुंबई में बारिश ने एक बार फिर लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को भी यहां जोरदार बारिश होगी। वहीं बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवात के कारण पश्चिम बंगाल और ओडिशा में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग की माने तो अगले 24 घंटे में पश्चिम बंगाल और उससे सटे इलाकों में जोरदार बारिश होना है। यही नहीं ओडिशा और पूर्वोत्तर के कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश की आशंका है।
निम्न क्षेत्र का दबाव बनने के कारण देश के कई क्षेत्रों में इसका असर देखने को मिलेगा। इनमें उत्तर प्रदेश, झारखंड, दिल्ली-एनसीआर जैसे क्षेत्र प्रमुख रूप से शामिल हैं। वहीं पश्चिम बंगाल, मिदनापुर, दक्षिण परगना, पारदीप, भुवनेश्वर और पुरी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
50 हजार से अधिक के नकद लेनदेन में अनिवार्य नहीं होगा पैन, आधार का होगा प्रयोग
मुंबई और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। माया नगरी की रफ्तार पर आगे भी ब्रेक लगे रहने की उम्मीद जताई गई है। मौसम विभाग की माने तो आने वाले चार दिन यहां ऐसे ही हालात बने रहेंगे। आपको बता दें कि भारी बारिश के चलते महाराष्ट्र के रत्नागिरी में तिवारे डैम टूट गया था जिसमें 19 लोग मारे गए थे, और 9 लोग अभी भी लापता हैं।
कोंकण में भी जारी रहेगी बारिश
महाराष्ट्र में मुंबई के अलावा कोंकण में भी बारिश का खतरा टला नहीं है। अरब सागर में चल रही मानसून की प्रक्रियाओं के चलते मुंबई में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
बिहार में मेहरबान रहेगा मानसून
मानसून की मेहरबानी बिहार में देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में बिहार के कई जिलों में जोरदार बारिश के आसार हैं। इनमें सुपौल, पुर्णिया, अररिया, पटना, गया, कटिहार, औरंगाबाद, रोहतास, भोजपुर, बेगुसराय, मुंगेर, नालंदा, बक्सर जैसे जिले प्रमुख रूप से शामिल हैं।