भाजपा सांसद महंत चांदनाथ का कैंसर से निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

सांसद महंत चांदनाथनई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद महंत चांदनाथ का लंबी बीमारी के बाद यहां के एक निजी अस्पताल में शनिवार की देर रात में निधन हो गया। वह 61 साल के थे। हरियाणा के रोहतक स्थित बाबा मस्तनाथ मठ के महंत चांदनाथ राजस्थान के अलवर से सांसद थे। भाजपा के राजस्थान प्रवक्ता आनंद शर्मा के मुताबिक, सांसद गले के कैंसर और अन्य बीमारियों से पीड़ित थे। वह करीब ढाई साल से अस्वस्थ थे। इलाज के दौरान शनिवार मध्यरात्रि के आसपास उन्होंने अंतिम सांस ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर शोक जताया।

दिल्ली के बेगमपुर में 21 जून 1956 को जन्मे चांदनाथ ने 1976 में दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से कला (हिंदी) संकाय में स्नातक किया था। उन्होंने महंत श्रेयोनाथ से दीक्षा ली थी और रोहतक के स्थल बोहर में बाबा मस्तनाथ मठ से जुड़ गए।

इन सालों में उन्होंने रोहतक में कई कॉलेजों की स्थापना की जो ‘मस्तनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस’ के अंतर्गत आते हैं।

इसके बाद 2012-2013 के शैक्षिक सत्र में संस्थानों के समूह ने हरियाणा सरकार से विश्वविद्यालय का दर्जा हासिल कर लिया था और नाथ इसके चांसलर बन गए।

जन्मदिन के मौके पर मोदी के जश्न को एक कांग्रेसी नेता ने किया किरकिरा, दे दिया अपमानित करने वाला तोहफा

भाजपा से जुड़े नाथ 2004 में राजस्थान से विधायक के रूप में निर्वाचित हुए। 10 साल बाद 2014 के आम चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह को हराकर वह अलवर से लोकसभा सांसद बने।

वह स्थायी समिति में मानव विकास संसाधन और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के परामर्शदात्री समिति के सदस्य थे।

उन्होंने मस्तनाथ मठ और नाथ संप्रदाय पर कुछ किताबें भी लिखी थी।

सरकारी कर्मचारियों की हुई बल्ले-बल्ले, जन्मदिन पर पीएम मोदी ने पूरी कर दी मन की मुराद

लोकसभा वेबसाइट पर अंकित प्रोफाइल के मुताबिक, चांदनाथ हरियाणा के रोहतक और राजस्थान के हनुमानगढ़ में पांच अस्पतालों का संचालन करने के साथ ही पांच गौशालाओं का संचालन भी करते थे। वह अविवाहित थे।

सांसद का निधन राजस्थान में भाजपा के लिए एक और झटका है। इससे पहले, पिछले महीने पार्टी ने अजमेर से सांसद सांवर लाल जाट को खो दिया था और मंडलगढ़ की भाजपा विधायक कीर्ति कुमारी की जान स्वाइन फ्लू ने ले ली थी।

LIVE TV