
जिला मंडलीय अस्पताल से एक खतरनाक कैदी फरार हो गया। गोरखपुर जेल से ट्रांसफर उदय नामक बंदी पाइल्स के इलाज के लिए 6 दिसंबर को अस्पताल में भर्ती था। गुरुवार सुबह टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर उसने जेल पुलिस को चकमा दे दिया और फरार हो गया। काफी देर तक वापस न लौटने पर पुलिस को शक हुआ, लेकिन अस्पताल परिसर में घंटों तलाशी के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।
उदय गोरखपुर के मोहल्ला पादरी बाजार शाहपुर का निवासी है। महराजगंज के फरेंदा थाने में उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज है। 6 सितंबर 2021 को प्रशासनिक आधार पर उसे गोरखपुर जेल से आजमगढ़ जिला जेल ट्रांसफर किया गया था। पिछले चार वर्षों से वह आजमगढ़ जेल में बंद था और तबीयत खराब रहने के कारण हर 15 दिन में अस्पताल लाया जाता था।
जेल प्रशासन ने घटना की जानकारी मिलते ही शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने कैदी की तलाश तेज कर दी है और आसपास के इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी गई है। यह घटना जेल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।




