
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के कृष्णा नगर थाने के पास होटल मूवमेंट में एक प्रेमी युगल का शव मिला है। होटल के कमरा नंबर 310 में गुरुवार दोपहर प्रेमी युगल राहुल (21) और नैंसी (21) का शव मिला। होटल प्रबंधन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो युवती का शव सोफे पर पड़ा था। जबकि युवक ने नायलॉन की रस्सी से पंखे के सहारे फांसी लगा ली थी। पुलिस के मुताबिक, प्रेमिका की गला दबाकर हत्या करने के बाद युवक ने खुद फांसी लगाई।

पुलिस के मुताबिक, प्रेमी युगल बुधवार दोपहर घर से निकले थे। देर रात लड़की के परिजनों ने सरोजिनी नगर थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। एसीपी कृष्णा नगर दीपक कुमार सिंह ने बताया कि राहुल इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। उसके पिता रामचंद्र लखनऊ पॉलीटेक्निक कॉलेज में प्रोफेसर हैं। उनकी पत्नी गायत्री बाराबंकी में परिवहन विभाग में बड़े बाबू के पद पर हैं।
वहीं, नैंसी लड़की के पिता राजकुमार वर्मा सचिवालय के श्रम विभाग में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी भानुमति बीमा अस्पताल में कार्य करती हैं। एसीपी के मुताबिक, राहुल व नैंसी दोनों एक दूसरे को काफी समय से जानते थे। दोनों के बीच चार साल से प्यार था इसकी जानकारी दोनों के परिवारों को थी। लेकिन जब बात शादी तक पहुंची तो अनबन हो गई और नैंसी ने राहुल से दूरी बनाने लगी। रिश्तों में आईं गलतफहमियां दूर करने के लिए बुधवार दोपहर नैंसी राहुल मिलने गई थी, लेकिन वह राहुल को इश्क और उसकी हद के साथ साजिश से अंजान थी।