‘अब्बा जान’ कहने वालों पर CM योगी ने साधा निशाना, कहा- ‘हज़म कर जाते थे..’

जैसे-जैसे विधानसभा के चुनाव नज़दीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे सूबे की राजनीति गर्माती जा रही है। सत्ता और विपक्षी नेताओं के बीच ज़ुबानी जंग तेज़ हो चुकी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि साल 2017 से पहले अब्बा जान कहने वाले राशन हजम कर जाते थे।

सीएम ने एक कार्यक्रम में कहा कि, “पीएम मोदी के नेतृत्व में तुष्टिकरण की राजनीति के लिए कोई जगह नहीं है। क्या 2017 से पहले सभी को राशन मिलता था? ‘अब्बा जान’ कहने वाले ही राशन हजम कर जाते थे।” ‘अब्बा जान’ शब्द का इस्तेमाल ज्यादातर मुस्लिम पिताओं को संबोधित करने के लिए करते हैं। ये साफ़ है कि सीएम के इस बयां से किसको निशाना बनाया गया है। बता दें कि ये पहली बार नहीं है जब सीएम योगी आदित्यनाथ की तरफ से ऐसा बयान दिया गया हो।

कुशीनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में जनता को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा, “पीएम मोदी के बाद सही मयाने देश के विकास और देश के राजनीतिक एजेंडे को बदला। देश की राजनीति 1947 में जाति, मजहब, क्षेत्र, भाषा, परिवार और वंश तक सीमित थी। गांव के लिए, गरीब के लिए, किसान के लिए, नौजवान के लिए, महिलाओं के लिए, बच्चों के लिए, बिना भेदभाव के लिए समाज के हर तबके तक विकास को पहुंचाया। इसका परिणाम हुआ कि हर तबके के लोगों को विकास समान रूप से मिल रहा है। लेकिन तुष्टिकरण किसी का नहीं। तुष्टिकरण की राजनीति जब तक देश के अंदर थी, तब विकास नहीं था, दंगे, भ्रष्टाचार, अराजतकता, आतंकवाद, अत्याचार, अन्याय था। लेकिन आज सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास है।”

LIVE TV