RTI बनी अधिकारियों की मुसीबत, मांगी गई ब्रह्मा, विष्णु और महेश की जन्म-मृत्यु की जानकारी

rtiनई दिल्‍ली। महाराष्ट्र के एक व्यक्ति ने RTI से राम-रावण, ब्रह्मा-विष्णु-महेश समेत 70 देवी-देवताओं के जन्म-मृत्यु की जानकारी मांगी है। यही वजह है कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधिकारी इन दिनों देवी-देवताओं के इतिहास की खोज में जुटे हुए हैं। यह काम अधिकारियों के लिए चुनौती भी है और गले की फांस भी।

यही वजह है कि करीब डेढ़ महीने पहले मांगी गई जानकारी का जवाब कई केंद्रों ने अब तक नहीं भेजा है। अधिकारी कहते हैं कि देवी-देवताओं की प्रामाणिकता के बारे में कुछ भी बोलना लोगों की आस्था पर सवाल उठाना है। इसलिए उन केंद्रों के लिए इसका जवाब देना ज्यादा मुश्किल हो रहा है जहां संबंधित देवी-देवताओं का जन्मस्थल माना जाता है।

इसके साथ देवी दुर्गा, लक्ष्मी, काली, पार्वती, शारदा के साथ ऋषि वाल्मीकि, गौतमबुद्ध, भगवान महावीर के जन्म व मृत्यु के बारे में जानकारी मांगी है। कुल 70 देवी-देवताओं के इतिहास के बारे में जानकारी मांगी गई है।

चूंकि देशभर में देवी-देवताओं के मंदिर और धाम हैं इसलिए एएसआइ ने सभी सर्कल में इस संबंध में जानकारी मांगी और आरटीआई का जवाब देने को कहा। हालांकि कुछ केंद्रों ने इस आरटीआई के जवाब में कहा कि इस संबंध में उनके पास कोई जानकारी नहीं है।

वहीं कुछ केंद्रों ने आरटीआई जस की तस वापस भेज दी है, तो कुछ केंद्र इस बारे में आला अधिकारियों से राय-मशविरा कर रहे हैं कि क्या जवाब दिया जाए। अधिकारियों का कहना है कि यह सवाल धार्मिक आस्था से संबंधित है इसलिए इसका जवाब भी देना जरा मुश्किल है।

LIVE TV