
रिपोर्ट- सईद रजा
इलाहाबाद। सुभाष चौराहे पर वकीलों का तांडव और जमकर हंगामा देखने को मिला। चौराहे पर स्थित पेट्रोल पंप कर्मियों और वकीलों में मामूली से विवाद के बाद पेट्रोल पंप कर्मियों ने एक वकील को पीट दिया। जिसके बाद गुस्साए वकीलों ने पेट्रोल पंप कर्मियों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पुलिस के सामने जूते से जमकर पीटा।
बीच बचाव के दौरान पुलिसकर्मियों पर भी उल्टा वकीलों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए वकीलों ने सिविल लाइंस चौकी के पुलिस कर्मियों के साथ भी बदसलूकी की। वकीलों की भीड़ और उनके गुस्से के आगे पुलिस वाले भी बेबस नज़र आ रहे थे। बीच सड़क वकीलों की दबंगई से कुछ समय के लिए सुभाष चौराहे की सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।
इलाहाबाद के सुभाष चौराहे पर पुलिस के सामने अधिवक्ताओं ने पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी को जमकर मारा। पूर्व में पेट्रोल पंप कर्मचारी ने तेल भरवाने के दौरान एक अधिवक्ता से विवाद किया और मार पीट की। इसी के बाद अधिवक्ता उग्र हो गए और कर्मचारी को पुलिस चौकी के अंदर उनके समक्ष पीट डाला।
यह भी पढ़े: लोकतंत्र बचाओ मोर्चा ने कहा उत्तर प्रदेश में लग चुका है अघोषित आपातकाल
बहरहाल पुलिस के उच्चाधिकारियों के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। दोनों पक्षों को पुलिस थाने पर ले गई जिसका देर रात तक कोई हल नहीं निकल पाया था। दोनों तरफ़ से मारपीट की तहरीर सिविल लाइंस थाने में दी गई है पुलिस के आला अधिकारी का कहना है जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।