
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में पुलिस ने सोमवार को ब्रांडेड गुटखा के नाम की दो अवैध फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया है। यहां तम्बाकू मिश्रित 65 लाख का गुटखा बरामद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये तीनों आरोपी जिले में ब्रांडेड गुटखा के नाम पर नकली गुटखा बना कर बेचते थे।

गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से भारी मात्रा में गुटखा, गुटखा बनाने का सामान, रैपर और पांच मशीनें बरामद की हैं। गुटखा फैक्ट्री का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार को रोका तो कार गुटखों के बोरो से भरी थी। जिसमें दो लोग सवार थे, पुलिस ने जब दोनों से पूछताछ की तो पता चला की दोनों गुटखा बनाने का कारोबार करते हैं।
पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर छापेमारी की तो पुलिस को बड़ी कामयाबी हांथ लगी है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान भारी तादात में माल और मशीन बरामद की है। जिसकी अनुमानित लागत 65 लाख रुपया बताई जा रही है। गुटखा बनाने की दोनों फैक्ट्रियां राठ कोतवाली क्षेत्र में चल रही थीं। जिसमें से एक फैक्ट्री जलालपुर थाना पुलिस ने पकड़ी है तो वहीं दूसरी फैक्ट्री राठ कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पकड़ी है।




