सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला, पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे राहुल गांधी

दिल्ली कैंट के नांगल गांव में सामूहिक दुष्कर्म के बाद नौ साल की बच्ची की हत्या कर शव का अंतिम संस्कार करने का मामला अब तूल पकड़ रहा है। पीड़ित बच्ची के परिजनों से मिलने के लिए कई पार्टी के नेता पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी बुधवार की सुबह पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। जहां उन्होंने परिवार के लोगों को अपनी ही गाड़ी में बिठाकर बात की।

मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने कहा मैंने परिवार से बात की और परिवार सिर्फ न्याय मांग रहा है। परिवार कह रहा है कि उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है और उनकी पूरी मदद होनी चाहिए। जब तक उनको न्याय नहीं मिलेगा तब तक राहुल गांधी उनके साथ खड़ा है और एक इंच पीछे नहीं हटेगा।

बता दें कि राहुल ने इस मामले में ट्वीट कर भी घटना की निंदा की थी। उन्होंने लिखा था कि, ‘दलित की बेटी भी देश की बेटी है’।  वहीं खबर है कि आज दिन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे। 

इससे पहले मंगलवार को भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे। लेकिन नेताओं को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने इसे राजनीतिक मंच बनाने पर आपत्ति जताई।चंद्रशेखर आजाद ने मुलाकात के दौरान परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी में बच्ची सुरक्षित नहीं है, तो देश के अन्य हिस्सों में क्या हाल होगा यह आसानी से समझा जा सकता है। दिल्ली में महिला सुरक्षा के नाम पर बसों में मार्शल लगाया जाते हैं, वहीं घर के बाहर बच्ची असुरक्षित है। आखिर यह कैसी दिल्ली है।

LIVE TV