उत्तराखंड

देहरादून में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, घायल आरोपी चेन स्नैचिंग का वांछित, गिरफ्तार

देहरादून के बसंत विहार थाना क्षेत्र में देर रात हरबंसवाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। बिना नंबर प्लेट की स्कूटी सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह चेकिंग प्वाइंट से टी-स्टेट की ओर भाग निकला। पुलिस टीम के पीछा करने पर बदमाश ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

घायल आरोपी की पहचान आकाश उर्फ तमंचा (27), निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में हुई। उसे पहले प्रेमनगर चिकित्सालय और फिर जिला अस्पताल भेजा गया। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में एक वृद्ध महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना में वांछित था। उसके खिलाफ बसंत विहार थाने में प्राथमिकी दर्ज है। उसके कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी और छीनी गई चेन बरामद की गई। स्कूटी कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी की हुई बताई जा रही है।

मुठभेड़ के बाद एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और उससे जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button