नोएडा: वकील की गोली मारकर हत्या, जांच के लिए टीम का गठन

नोएडा के थाना फेस 2 में एक बड़ी वारदात हुई है। यहां एक वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक वकील का नाम निशांत है। पुलिस के मुताबिक यह हत्या आपसी रंजिश के चलते हुई है। सेंट्रल नोएडा के DCP हरीश चंद्र ने बताया कि हमें अस्पताल से सूचना मिली की एक वकील की गोली लगने से मृत्यु हुई है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर परिवारजनों से पूछताछ की। उसमें पता चला कि जमीन और इनकी बहन का ससुराल पक्ष से कुछ विवाद है। हम सारे बिदुओं पर जांच कर रहे हैं। जांच के लिए 4 टीमें लगाई हैं।

दरअसल, सोमवार रात गांव में किसी व्यक्ति की मौत हो गई थी। अधिवक्ता परिवार को सांत्वना देने पहुंचे थे। वहीं, देर रात घर लौटते समय घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। जिसमें उनको 2 गोलियां लगी। मौके से बदमाश फरार हो गए। घायल अवस्था में वकील को यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी मौत हो गई।

फेस-2 थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया प्राथमिक जांच में लग रहा है कि जमीनी विवाद के चलते अधिवक्ता की हत्या की गई है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। कई अहम सुराग भी हाथ लगे हैं। जल्द ही हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LIVE TV