‘डंके की चोट पर कहता हूं कि अच्छे दिन आ गए हैं’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को कहा कि नरेंद्र मोदी मोदी सरकार के तहत देश में बदलाव हुआ है और पिछले पांच सालों के कार्यकाल में वह ‘अच्छे दिन’ लायी है। नड्डा ने कहा कि मैं डंके की चोट पर कहता हूं कि देश में अच्छे दिन आ गए हैं।

उन्होंने कहा कि जब भाजपा कहती है कि उसका उद्देश्य ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ है, तो इसका अर्थ है कि वह भ्रष्टाचार मुक्त भारत चाहती है।

वर्ष 2014 के चुनाव में ‘अच्छे दिन आएंगे’ और ‘देश बदल रहा है’ भाजपा के चुनावी नारे थे। यहां महाराष्ट्र भाजपा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हम लोगों को याद दिलाना चाहते हैं कि अच्छे दिन आ चुके हैं और पहले ही पिछले पांच सालों में देश बदल चुका है।

बैठक के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, गरीबी उन्मूलन, कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की ‘राजनीतिक संस्कृति’ को बदल दिया है।

उन्होंने कहा कि जब भाजपा कहती है ‘कांग्रेस मुक्त भारत’, इसका अर्थ है ‘भ्रष्टाचार और कमीशन’ से मुक्त देश।

नड्डा ने कहा कि कांग्रेस मुक्त कहने का हमारा मतलब पार्टी विशेष से नहीं है। ‘भाजपा युक्त’ का अर्थ है विकासोन्मुखी। इसका अर्थ है सेवाओं और विकास पर ध्यान केंद्रित करना और जमीनी स्तर पर काम करना न कि खुद का प्रचार करना।

उन्होंने कहा कि 2014 और 2019 की मोदी की जीत वोट बैंक और जाति आधारित राजनीति को खारिज करती है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का सूत्र वाक्य ‘लुक ग्लोब्ली, एक्ट लोकली’ होना चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि 2014 से पहले विदेशों में भारत की छवि एक भ्रष्ट और गतिहीन व दिशाहीन विदेश नीति वाले देश की थी।

मोदी को उनकी उपलब्धियों के लिए संयुक्त अरब अमीरात, इजरायल, रूस और सऊदी अरब द्वारा प्रदान किए गए सम्मानों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब यहां (भारत में) के नागरिक और विदेशों में रह रहे भारतीय मूल के लोग भारतीय होने पर गर्व महसूस करते हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के स्वच्छता अभियान का मजाक उड़ाया गया, लेकिन संयुक्त राष्ट्र ने प्रधानमंत्री को ‘चैंपियन ऑफ अर्थ’ पुरस्कार से सम्मानित किया।

नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर पार्टी की ताकत पर ध्यान केंद्रित करने को कहा।

इससे पहले, भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कार्यकर्ताओं से राज्य की सभी 288 विधानसभा सीटों पर चुनाव तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया।

LIVE TV