जम्मू में आसमान से बरसे अंगारे, लू के थपेड़ों से इंसान परेशान

मंदिरों के शहर जम्मू में गर्मी ने प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। आसमान से अंगारे बरस रहे हैं। भीषण तपिश से सड़कें सूनी पड़ने लगी हैं। लू के थपेड़ों से इंसानों के साथ-साथ जीवजंतु बेहाल हैं। दिन में बाजारों से खरीदारों की भीड़ गायब हो गई है। जम्मू में बुधवार को दिन का तापमान 40 डिग्री के पार चला गया, जो इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन था। कश्मीर में मौसम सुहावना बना हुआ है। घाटी के अधिकांश हिस्सों में रात में ठंडक कायम है। इस बीच न्यूनतम 1.6 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ लेह सबसे ठंडा रहा।

जम्मू

बुधवार सुबह से ही गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया था। दिन चढ़ने के साथ तपिश में भी बढ़ोतरी होती चली गई। दोपहर को आसमान से बरस रही आग के बीच बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा था। शरीर को छू रही चिलचिलाती धूप झुलसा देने का काम कर रही थी। खासतौर पर राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों की हालत ज्यादा पतली हुई। गर्मी के बीच बिजली की अघोषित कटौती आग में घी डालने का काम कर रही है। पारे में उछाल से बिजली ढांचे पर लोड बढ़ा है। भीषण गर्मी का लोगों की सेहत पर असर पड़ा है। अस्पतालों में डिहाइड्रेएशन और बुखार के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। इसमें बच्चों से लेकर हर आयु वर्ग के लोग प्रभावित हैं। जम्मू में दिन का पारा सामान्य से 3.3 डिग्री चढ़कर 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में दिन का पारा 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

आज दिल्ली में सनी देओल प्रवेश वर्मा के समर्थन में मांगेंगे वोट, निकाला जायेगा रोड शो

आज मिल सकती है राहत

मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार 10-11 मई को जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश होने के आसार हैं। इसमें 40-50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है। वीरवार भी कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

कब-कब 40 को पार किया पारा
तिथि        वर्ष        जम्मू का तापमान
26 मई    1984    47.4 (आलटाइम)
11 मई    2001    45.2
25 मई    2002    44.6
20 मई    2004    43.5
25 मई    2010    45.0
30 मई    2012    44.8
23 मई    2013    45.8
30 मई    2016    43.2
27 मई    2017    42.1
25 मई    2018    41.4
26 मई    2018    42.5
29 मई    2018    43.5

LIVE TV