
नई दिल्ली। कांग्रेस ने गोवा और मणिपुर में सरकार गठन का मुद्दा उठाने की अनुमति नहीं दिए जाने पर मंगलवार को लोकसभा से बहिर्गमन किया। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस सदस्यों के साथ सदन से बहिर्गमन किया।
कांग्रेस ने गोवा और मणिपुर में सरकार गठन के मुद्दे पर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव पेश किया था, लेकिन लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने उसे अस्वीकार कर दिया।
निचले सदन में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रश्नकाल के दौरान सबसे पहले यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र की हत्या की जा रही है।
केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने कहा कि कांग्रेस नेता ने सख्त शब्दों का प्रयोग किया है, इसलिए या तो उन शब्दों को मिटा दिया जाना चाहिए या फिर सरकार को जवाब देने की अनुमति दी जानी चाहिए।
महाजन ने खड़गे को शून्य काल के दौरान यह मुद्दा उठाने को कहा।
हालांकि प्रश्नकाल के बाद अध्यक्ष ने सदस्यों को सूचित किया कि कोई शून्य काल नहीं होगा। इससे नाराज होकर विपक्षी सदस्यों ने तानाशाही के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सदन से बर्हिगमन किया।





