अंतिम दर्शन के लिए आज सरकारी आवास लाया जाएगा दिवंगत नेता रामविलास पासवान का पार्थिव शरीर

लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का 74 वर्ष की आयु में गुरूवार(8 अक्टूबर 2020) को निधन हो गया। दिवंगत नेता रामविलास पासवान देश के प्रमुख दलित नेताओं में से एक थे। आपको बता दें, वह लंबे वक्त से हृदय की बीमारी से पीड़ित थे और दिल्ली के एस्कॉर्ट अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। खबरों के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का पार्थिव शरीर आज(9 अक्टूबर 2020) सुबह 10 बजे उनके दिल्ली स्थित सरकारी आवास में अंतिम दर्शन के लिए लाया जाएगा।

इसके बाद उनके शव को दर्शन और श्रद्धांजली के लिए दोपहर 2 बजे पटना में लोक जनशक्ति पार्टी कार्यालय में रखा जाएगा। इसके बाद शनिवार(10 अक्टूबर 2020) की सुबह उनका पटना में ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें : 9 अक्टूबर 2020 : जानें आज के दिन का इतिहास

महान नेता रामविलास पासवान के निधन पर देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है। साथ ही केंद्र सरकार ने उनके सम्मान में आज पूरे देश में राजकीय शोक की घोषणा की है। जिसके चलते आज देश की सभी सरकारी इमारतों पर तिरंगा आधा झुका रहेगा।

LIVE TV