
मैड्रिड। पुर्तगाली फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो 2021 तक स्पेनिश क्लब रियाल मैड्रिड के साथ खेलते रहेंगे। उन्होंने सोमवार को क्लब के साथ 5 साल की नई डील साइन की। इस डील के लिए 31 साल के रोनाल्डो को 225 मिलियन पाउंड (करीब 1864 करोड़ रुपए) मिलेंगे। इसके साथ ही क्रिस्टियानो रोनाल्डो फुटबॉल इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी डील करने वाले खिलाड़ी बन गए।
दुनिया के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले फुटबॉलर रोनाल्डो को एक सीजन के लिए 45 मिलियन राउंड (374 करोड़ रुपए) मिलेंगे। रोनाल्डो की साप्ताहिक सैलरी 7.19 करोड़ रुपए होगी। हालांकि टैक्स चुकाने के बाद उन्हें प्रति सप्ताह 3.65 करोड़ रुपए मिलेंगे। इसके साथ ही रोनाल्डो ने बार्सिलोना के अर्जेंटीनी स्टार लियोनेल मैसी को पीछे छोड़ दिया है। मैसी की साप्ताहिक सैलरी 3.31 करोड़ रुपए (टैक्स कटने के बाद) है।
इस डील का यह मतलब भी है कि रोनाल्डो अपना करियर रियाल के खिलाड़ी के तौर पर ही खत्म करेंगे। जब यह डील खत्म होगी तब तक इस पुर्तगाली खिलाड़ी की उम्र 36 साल हो चुकी होगी।
मैसी का बार्सिलोना के साथ करार 2018 तक का है। इसे पहले भी रिन्यू किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो वे एक बार फिर सर्वाधिक कॉन्ट्रैक्ट फीस के मामले में रोनाल्डो को पीछे छोड़ सकते हैं। मैसी को रोनाल्डो से 20% ज्यादा की डील मिल सकती है।