आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस की लखनऊ पर हैं निगाहें….
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस की लखनऊ पर निगाहें गड़ गईं हैं। कमेटी के थिंक टैंक ने प्रदेश की सत्ता पर काबिज होने के लिए रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इसके लिए युवाओं के जरिए निशाना साधा जा रहा है। कभी लाइटें बंदकर ब्लैक आउट, कभी कैंडल जलाकर तो 10 सितंबर यानी गुरुवार को सुबह 10 बजे से लगातार 10 घंटे तक सोशल मीडिया पर युवाओं को रिझाने की कोशिश की गई। अब 13 सितंबर को भी प्रदेश भर में बड़ा कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। इसके केंद्र में भी युवा ही है। पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न राजीवगांधी को युवाओं की प्रेरणा के तौर प्रस्तुत करने की तैयारी हुई है। उनके

76वीं जयंती पर 13 सितंबर को उत्तर प्रदेश में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह आनलाइन प्रतियोगिता होगी। इसमें 16 से 22 वर्ष के यूपी के युवा ही शिरकत करेंगे। प्रतियोगिता में युवाओं के अंदर राष्ट्र भावना जागृत करने के लिए भारत के सशक्तिकरण की यात्रा से संबंधित सामान्य ज्ञान के कुल 60 प्रश्न होंगे। इसमें आजादी के बाद पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी के साथ ही हाईटेक युग में भारत को ले जाने वाले राजीव गांधी पर सर्वाधिक प्रश्न होंगे। इसमें जिलेवार प्रतिभावान युवाओं को पुरस्कार दिया जाएगा। जिसमें लैपटाप, मोबाइल, टेबलेट आदि वितरित होंगे।
महानगर ने बनाई युवाओं की टीम
कांग्रेस महानगर कमेटी ने युवाओं की टीम बनाई है। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे कहते हैं कि शहर के 90 वार्ड में अब तक 70 वार्ड में कमेटी गठित हो गई है। एक माह के अंदर सभी वार्ड में कांग्रेस का मजबूत संगठन के तौर पर नजर आएगा। इसमें युवाओं को तरजीह दी जा रही है। सोशल मीडिया के लिए भी कमेटी ने दक्ष युवाओं की टीम तैयार की है। केंद्र व प्रदेश सरकार को हर मोर्चे पर हम घरेंगे और देश व प्रदेश के विकास के साथ ही युवाओं को रोजगार की ओर ले जाने की दिशा देंगे।
बरगलाने के दिन गए, देश का युवा समझदार है
बरगलाने के दिन गए। देश का युवा समझदार है। उसे रोजगार चाहिए जो देने में वर्तमान सरकार पूरी तरह विफल रही है। कांग्रेस ने युवाओं की पीड़ा समझी है और उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का संकल्प लिया है।
-अजय राय, पूर्व विधायक व प्रियंका गांधी की सलाहकार समिति के सदस्य