महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा, इस पार्टी में जाने की संभावना

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने सोमवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उनके भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की संभावना है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले को लिखे पत्र में चव्हाण (65) ने कहा कि वह ‘ग्रैंड ओल्ड पार्टी’ छोड़ रहे हैं। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को विधायक पद से अपना इस्तीफा भी सौंप दिया। चव्हाण का कांग्रेस से बाहर जाना महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं बाबा सिद्दीकी और मिलिंद देवड़ा के जाने के कुछ दिनों बाद हुआ है।

चव्हाण के भाजपा में शामिल होने की चर्चा के बीच, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने प्रतिक्रिया दते हुए संवाददाताओं से कहा, “आगे-आगे देखो होता है क्या।” चव्हाण को हाल ही में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) में शामिल किया गया था। वह पूर्व गृह मंत्री शंकरराव चव्हाण के बेटे हैं। चव्हाण ने 1987 और 2014 में नांदेड़ लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन 2019 में वे चुनाव हार गए। सूत्रों के मुताबिक, अशोक चव्हाण के इस्तीफे के बाद आधा दर्जन से ज्यादा कांग्रेस विधायक भी कांग्रेस पार्टी छोड़ सकते हैं. चव्हाण समर्थक कई पूर्व विधायकों और नेताओं के भी बीजेपी में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

देवड़ा का परिवार पांच दशकों से अधिक समय से कांग्रेस से जुड़ा हुआ है और उनके पिता मुरली देवड़ा राज्य के सबसे बड़े नेताओं में से एक थे। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता बाबा सिद्दीकी, जिन्होंने लगभग पांच दशक बाद हाल ही में कांग्रेस से अपना नाता खत्म किया, शनिवार को मुंबई में अजीत पवार की उपस्थिति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) में शामिल हो गए। सिद्दीकी ने 8 फरवरी को पार्टी के साथ अपने 48 साल लंबे रिश्ते को खत्म करते हुए कांग्रेस छोड़ दी थी। हालांकि उन्होंने छोड़ने के अपने फैसले का कोई कारण नहीं बताया, लेकिन उन्होंने कहा था कि व्यक्त करने के लिए बहुत कुछ है लेकिन “कुछ चीजें हैं बेहतर होगा कि इसे अनकहा ही छोड़ दिया जाए।”

LIVE TV