
लखनऊ| उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत के बाद मुख्यमंत्री बने योगी आदित्यनाथ बुधवार सुबह अयोध्या पहुंचे और हनुमानगढ़ी मंदिर का दौरा किया। उनके दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया है। वह आज दिनभर अयोध्या व फैजाबाद में होने वाले कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे और शाम को लखनऊ लौट आएंगे।
मुख्यमंत्री फैजाबाद हवाईपट्टी से अयोध्या में हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन करने के लिए रवाना हो गए। उनके दर्शन से पहले आम लोगों को अंदर जाने से रोका गया है। हनुमानगढ़ी में संतों और भाजपा कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया है। ‘जय श्रीराम’ और ‘रामलला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे’ के नारे गूंजने लगे हैं।
इधर सुरक्षा के लिहाज से होटलों-धर्मशालाओं की तलाशी के साथ ही अयोध्या-फैजाबाद के बस व रेलवे स्टेशनों पर भी चेकिंग की जा रही है।
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी कार्यक्रम के अनुसार योगी आदित्यनाथ अयोध्या-फैजाबाद में करीब आठ घंटे रूकेंगे और शाम को वे लखनऊ लौट आएंगे।
UP Chief Minister Yogi Adityanath visits Hanumangarhi temple, in Ayodhya pic.twitter.com/J0OGOlRxfU
— ANI UP (@ANINewsUP) May 31, 2017
रामलला के दर्शन के बाद वह सरयू का दर्शन करेंगे और वहीं राम की पैड़ी का निरीक्षण भी करेंगे। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री का काफिला वापस सुबह 11 बजे फैजाबाद वापस आएगा, जहां डॉ़ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में शामिल होंगे।
बुधवार दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री अवध विश्वविद्यालय के सभागार में ही फैजाबाद मंडल में चल रहे विकास कार्यक्रमों की प्रगति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति समीक्षा जिला व मंडलीय अफसरों के साथ करेंगे। करीब ढाई घंटे की समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री दोबारा अयोध्या पहुंचकर दिगम्बर अखाड़े में एक घंटा व्यतीत करेंगे।
UP CM Yogi Adityanath offers prayers on the banks of River Saryu, in Ayodhya pic.twitter.com/IWKSVIYq7G
— ANI UP (@ANINewsUP) May 31, 2017
कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री का भोजन एवं विश्राम भी दिगम्बर अखाड़े में ही होगा। करीब दोपहर 3.30 बजे मुख्यमंत्री दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय परिसर में श्रीरामजन्मभूमि न्यास अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास के 79वें जन्मोत्सव समारोह पर आयोजित आठ दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।