Weather updates: कड़ाके की ठंड के बीच उत्तर भारत के इन हिस्सों में हो सकती है बारिश, जानें IMD का ताजा अलर्ट

उत्तर भारत के कई हिस्सों में शीत लहर के साथ कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह हुई हल्की बारिश के बाद तापमान और नीचे गिर गया है। वहीं, अब भारतीय मौसम विभाग (IMD) की माने तो उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश होने के आसार बने हुए हैं। आइएमडी (India Meteorological Department) के अनुसार उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद, शिकोहाबाद में अगले दो घंटों में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही राजस्थान के बयाना, भरतपुर, नगर में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

उत्तर भारत में पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच भारतीय मौसम विभाग ने ट्वीट कर बताया कि हरियाणा के नूंह, सोहना, पलवल, बावल, भिवानी, बल्लभगढ़ और उत्तर प्रदेश के सिंकदराबाद और बुलंदशहर के आसपास क्षेत्रों में हल्की से मध्यम तीव्रता वाली बारिश हो सकती है। इसके बाद तापमान में और गिरावट देखी जा सकती है।

इसके साथ ही IMD ने अपने बुलेटिन में कहा कि 3 जनवरी से 5 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश में गरज के साथ बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को नए साल पर सीजन का सबसे कम 1.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पालम में शनिवार सुबह 7 बजे तक शून्य दृश्यता के साथ घना कोहरा छाया रहा।

आप को बता दें कि पश्चिमोत्तर मैदानी इलाकों में स्थित कई क्षेत्रों में शुक्रवार को नए साल के दिन शून्य या 0° C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। हरियाणा के हिसार में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि 47 वर्षों में सबसे ठंडा दर्ज किया गया। राज्य के अन्य शहरों जैसे नारनौल (0.2 ° C) सिरसा (2 ° C) और रोहतक (2 ° C) में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई। पंजाब में, फरीदकोट में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में 1.2 डिग्री और अमृतसर में 2.2 डिग्री दर्ज किया गया।

LIVE TV