
मौसम विभाग के मुताबिक नए साल के पहले हफ्ते में कई मैदानी राज्यों में बारिश ठिठुरन बढ़ा सकती है। विभाग के मुताबिक इस दौरान पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में शीतलहर और कोहरा आम-जनजीवन की परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 3 जनवरी, 2021 से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और आसपास के मैदानी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ का सीधा असर होगा। इसके कारण 3 से 6 जनवरी के बीच पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी राजस्थान,दिल्ली, पश्चिमी यूपी में 2-6 जनवरी तक बूंदा-बांदी होगी। 4-5 जनवरी को पूर्वी राजस्थान,पंजाब,हरियाणा,दिल्ली और पश्चिमी यूपी में ओले भी गिर सकते हैं। दिल्ली में 3,4,5 जनवरी को बारिश होगी। 4-5 जनवरी तक तापमान 10-12 डिग्री सेल्सियस तक चला जाएगा।
दिल्ली में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाए रहने से विजिबिलिटी घटकर महज 50 मीटर रह गई और न्यूनतम तापमान भी 3.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो कि इस मौसम का सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि लगातार तीसरे दिन शहर में शीतलहर चल रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में शहर में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि हिमालय की तरफ से उत्तर-उत्तरपश्चिमी दिशा की हवाएं बह रही हैं जिससे उत्तर भारत में तापमान में गिरावट आई है।
पश्चिमी विक्षोभ के बंगाल की खाड़ी के निचले इलाकों से टकराने के कारण, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश में 02 जनवरी से लेकर 05 जनवरी के बीच छिटपुट बारिश हो सकती है। वहीं, 4 और 5 जनवरी को तेज बारिश की संभावना है।
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले 4-5 दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा, जिससे अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। अगले कुछ 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश में शीत लहर कहर बरपाएगी।
अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान में कोहरा भी लोगों की परेशानी बढ़ाएगा। वहीं, अगले दो दिनों तक उत्तराखंड, पश्चिम मध्य प्रदेश और बिहार, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है।