साध्वी निरंजन ज्योति का प्रियंका पर तंज, बोलीं- परिवार से हटकर अन्य महिला को अध्यक्ष बनाकर दिखाएं
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बयानबाजी का दौर जारी है। इसी कड़ी में केंद्रीय राज्यमंत्री और फतेहपुर जनपद की सांसद साध्वी निरंजन ज्योति कांग्रेस पर हमला बोला है। साध्वी निरंजन ज्योति ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा पर तंज कसा है। साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि प्रियंका अपनी मम्मी और भाई के बजाय किसी महिला को पार्टी का अध्यक्ष बनाकर दिखाएं। तब मुझे लगेगा कि वह महिलाओं के लिए कार्य कर रही हैं।
साध्वी ने कहा कि प्रियंका वाड्रा की जुबान यूपी आकर ही खुलती है, जबकि राजस्थान में महिलाओं पर कितने अत्याचार हो रहे हैं। वहां जाकर घटनाओं पर वह नहीं बोलती हैं। छत्तीसगढ़ में दुर्गा भक्तों पर विसर्जन के समय गाड़ी चढ़वा दी गई, तब नहीं बोलीं। राजस्थान में एक अनुसूचित जाति के व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई, तब राहुल, प्रियंका और अखिलेश नहीं बोले। तंज कसा कि प्रियंका चर्च जाती हैं तो क्रास पहन लेती हैं। मस्जिद जाती हैं तो टोपी और वाराणसी जाकर माला पहन लेती हैं।