
रिपोर्ट- कुमार रहमान
बरेली। थाना क्षेत्र सीबीगंज में एक पिता ने बेटा नहीं होने पर अपनी बड़ी बेटी को छत पर ले जाकर फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मासूम को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिंदगी मौत के बीच लड़ रही मासूम का नाम काव्या है। काव्या के पिता अरविंद पर आरोप है कि उसने अपनी बड़ी बेटी को छत पर ले जाकर इसलिए फेंक दिया कि उसके घर में एक बेटी ने फिर जन्म ले लिया। सीबीगंज थाना क्षेत्र के गांव परधोली में कोटा चलाने वाले हरपाल के बेटे अरविंद की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। अरविंद की पत्नी ने डेढ़ साल पहले काव्या को जन्म दिया था।
दरअसल अरविंद की पत्नी दूसरी बार गर्भवती हुई तो अरविंद को उम्मीद थी इस बार उसके घर बेटे का जन्म होगा लेकिन अरविंद की पत्नी ने चार दिन पहले एक और बेटी को जन्म दिया। इसी बात को लेकर पति पत्नी में विवाद हो गया। अरविंद गुस्से में अपनी बड़ी बेटी काव्या को छत पर ले गया और धक्का दे दिया। परिवार वालों ने जब काव्या को खून से लतपथ जमीन पर पड़ा देखा तो तुरंत काव्या को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह भी पढ़े: सत्ता बदलने से अखिलेश के मंत्री पर गिरी गाज, बवाल करवाने का था आरोप
घटना पर पहुंची पुलिस ने मौके से काव्या के पिता को गिरफ्तार कर लिया। अस्पताल में भर्ती काव्या के सर से खून ज्यादा बहने से उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वही पुलिस ने मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्रवाई का मन बना लिया है।