
भोपाल। मंदसौर में बीते साल छह जून को किसानों पर पुलिस द्वारा बरसाई गईं गोलियों से मारे गए किसानों की पहली बरसी पर 6 जून को किसान रैली होने जा रही है। इस रैली को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी संबोधित करने वाले हैं।
कांग्रेस की प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया का आरोप है कि प्रदेश की भाजपा सरकार इस रैली को असफल करने के लिए हर हथकंडा अपना रही है।
पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को सिंधिया ने कहा, “कल छह जून का दिन राज्य के लिए दुखद दिवस है, क्योंकि इस दिन सरकार द्वारा प्रायोजित किसानों की हत्या की बरसी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी मंदसौर पहुंच रहे हैं। भाजपा की प्रदेश सरकार हर हथकंडा अपनाकर इस रैली को असफल करना चाहती है।”
उन्होंने आगे कहा, “वर्तमान प्रदेश सरकार बगैर हालात को समझे यह हथकंडे अपना रही है, जो सफल नहीं होने वाले, क्योंकि प्रदेश की जनता, किसान का आक्रोश चरम पर है और वह परिवर्तन के लिए सड़कों पर उतर रहा है।
यह दुखद है कि 80 साल के बुजुर्ग किसान तक से 25 हजार रुपये का बांड भरवाया जा रहा है, वास्तव में तो शिवराज को प्रदेश की साढ़े सात करोड़ जनता के लिए बांड भरना चाहिए, क्योंकि उनके शासनकाल में अन्नदाताओं पर गोलियां बरसाकर छह किसानों की जान ली गई।”
यह भी पढ़ेंः शाह या शहंशाह… अटल-महाजन से आगे निकल चुकी है मोदी-शाह की जोड़ी!
सिंधिया ने राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाया और कहा कि यह दुख की बात है कि सरकारी मशीनरी उस व्यक्ति से भी बांड भरा रही है, जिसने अपने परिजन को पुलिस की गोली से खोया था। एक शहीद अन्नदाता के परिजन को यह अपमानित करने जैसा है।
सिंधिया ने इससे पहले प्रचार अभियान समिति की बैठक ली। उन्होंने आगामी चुनाव प्रचार के लिए बनाई गई रणनीति पर भी संवाददाताओं से चर्चा की।