कमलनाथ ने शिवराज सरकार से मांगा रेत की लूट का हिसाब, पूछा विकास का पता

नरसिंहपुर| मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि नदियों में जो रेत है वह आपकी संपत्ति है। यह प्रदेश की संपत्ति है। शिवराज सरकार अवैध उत्खनन कर लूट कर रही है। यह लूट आपकी है, प्रदेश की है। हम सबको इस लूट का हिसाब लेना है। कमलनाथ ने नरसिहपुर के मंडी प्रांगण में आयोजित विशाल आमसभा में रविवार को कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर हम गन्ना किसानों को अनुदान देंगे। गन्ना खरीदी व दाल खरीदी में गड़बड़ी सिर्फ नरसिंहपुर में ही नहीं हुई है, अपितु पूरे प्रदेश में हुई है।

kamalnath

कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस का इस चुनाव में नारा ‘कर्जा माफ , बिजली का बिल हाफ और भाजपा साफ ‘ होगा। वहीं, भाजपा का नारा है ‘प्रचार में विकास और मैदान में भूख प्यास।’ यह है प्रदेश की हकीकत।

उन्होंने कहा कि भाजपा राज में भ्रष्टाचार एक व्यवस्था बन चुका है। भ्रष्टाचार गांव से शुरू होता है और ऊपर तक जाता है। भाजपा के लोग फ्रांस से खरीदे राफेल विमान की कीमत पूछने पर इसे गुप्त सौदा बताते हैं। वे यह जान लें कि अगले साल जब कांग्रेस की सरकार बनेगी तो यह सौदा गुप्त नहीं रहेगा और इसकी पोल खुलेगी।

कमलनाथ ने कहा, “शिवराज जन आशीर्वाद यात्रा में कह रहे हैं कि विकास हुआ है। मैं उनसे सवाल करता हूं कि वे बताएं कि आखिर विकास हुआ कहां हैं? कांग्रेस की योजनाओं का नाम बदलकर खुद की फोटो लगाकर अपना प्रचार कर रहे हैं। मैं, उन कुछ तथाकथित अधिकारियों और कर्मचारियों को फिर एक बार सचेत करता हूं जो जेब में भाजपा का बिल्ला लिए घूम रहे हैं। ऐसे लोगों को कांग्रेस की सरकार आने पर हिसाब जरूर देना पड़ेगा।”

कमलनाथ ने आरोप लगाया कि शिवराज पूरे प्रदेश में शासकीय खर्च पर सरकारी भीड़ एकत्र कर जनआशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं, यदि उन्होंने अपने कार्यकाल में विकास के कार्य किए होते तो उन्हें आशीर्वाद लेने नहीं जाना पड़ता। जनता खुद उन्हें आशीर्वाद देने आती।

यह भी पढ़े: केरल में बाढ़ के प्रकोप से काल के गाल में समा चुके 370 लोग, 7 लाख लोगों ने ली शिविरों में शरण

नाथ ने कहा कि आज माफियाओं का नेतृत्व भाजपा के नेता कर रहे हैं। हमारी सरकार आई तो प्रदेश का नया नक्शा बनाएंगे। कांग्रेस की सोच में नौजवान, किसान, महिलाओं का सम्मान प्राथमिकता पर है और भाजपा की सोच में ठेकेदार और माफिया प्राथमिकता हैं। भाजपा और कांग्रेस की सोच में यही मूल अंतर है।

इस अवसर पर सुरेश पचौरी, सांसद विवेक तन्खा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

LIVE TV