
जम्मू-कश्मीर में इन दिनों बर्फबारी के वजह से पहाड़ बर्फ की सफेद चादर से ढके हुए हैं। खून जमा देने वाले इस ठंड में जहां नलों का पानी, प्राकृतिक जल स्त्रोत जमे हुए हैं वहीं भारतीय सेना के जवानों का जोश देख आप सिहर उठेंगे।
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद से लड़ रहे सेना के जवान बर्फीले इलाकों में कड़ी ठंड में भी जोश दिखा रहे है। देश के दुश्मनों के मंसूबों को नाकाम बनाने के लिए निरंतर अभियानों के साथ वक्त मिलने पर सेना के जवान ठंड में आराम नहीं, बल्कि अपने आप को फिट रखते हैं। जम्मू संभाग की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली 16 कोर के जवान दुर्गम, उच्च पर्वतीय इलाकों में खुद को फिट रखने के लिए बर्फ के मैदान में खेल रहे हैं।
किश्तवाड़ के दुर्गम इलाकों में जवान रात के समय कड़ी सतर्कता बरतने के साथ दिन को बर्फ में कबड्डी खेलते हैं। पंद्रह हजार फुट की ऊंचाई पर पांच फुट बर्फ में जवानों के कबड्डी खेलने का वीडियो सेना की 16कोर ने सोशल मीडिया ट्विटर पर लोगों के साथ साझा किया है। इस वीडियो में सेना के जवान शून्य से नीचे के तापमान में स्वदेशी खेल कबड्डी में उत्साह दिखा रहे हैं। यह अपने आप को चुस्त-दुरुस्त रखने का एक अच्छा तरीका है।
जम्मू-कश्मीर में बर्फीले मौसम के समय सेना की चुनौतियों और बढ़ जाती हैं। सेना आतंकवाद की चुनौती के साथ मौसम की चुनौती के बीच लोगों की मदद करने के लिए भी आगे रहती है। वर्तमान में सेना बर्फ से लदे इलाकों में लोगों की मुश्किलों को दूर करने के लिए उनके घरों के पास जाकर उनकी सुध लेने के साथ समय-समय पर मेडिकल कैंप आदि का भी आयोजन कर रही है। सेना की बटालियन ने स्थानीय स्तर पर लोगों के लिए हाजिर है।
जम्मू-कश्मीर के पीआरओ डिफेन्स लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद का कहना है कि सेना सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ आपदा प्रबंधन के लिए भी विशेष रूप से प्रशिक्षित है। ऐसे में जब भी बर्फीले इलाकों में लोगों को कोई मुश्किल आती है तो सेना के जवान बिना वक्त गवाए राहत अभियान चलाने के लिए तैयार रहते हैं।