सैर करें बर्फ से बनी दुनिया की, टेबल से लेकर गिलास तक सब कुछ ठंडा

मुंबई। मुंबई को मायानगरी के नाम से भी जाना जाता है। मुंबई में शॉपिंग से लेकर खाना और दर्शनीय स्थलों से लेकर प्रसिद्द नाइटलाइफ तक सब कुछ यहां पर मौजूद है। कहते है यहां समय कभी रुकता नहीं है और इसलिए यहां का इंसान दौड़ता रहता है।

आइस बार

मुंबई में यूं तो कई जगहें मशहूर है लेकिन इन सब जगहों में एक जगह ऐसी भी है जो आपको अंटार्कटिका की याद दिला देगी। आज हम आपको अंटार्कटिका ऑफ मुंबई यानी आइस बार की सैर करवाएंगे।

सोचिए आप ऐसी जगह पर है जहां आपके चारों तरफ बर्फ मौजूद हो। आपने ओवरकोट पहना है, ठंड से बचने के लिए हाथों में दस्ताने और पैरों में बड़े जूते हैं। आप बर्फ पर ही बैठे हैं और ऐसे में आपके सामने जली हुई सिगड़ी पर रेशमी कबाब और बर्फ से बने गिलास में ड्रिंक दिया जाए तो आपको कैसा लगेगा? ये सब कुछ एक सपने की तरह लग रहा है न, लेकिन यह सपना नहीं हकीकत है।

आइस बार

मुंबई में देश का पहला ऐसा आइस बार मौजूद है जहाँ चारों तरफ सिर्फ बर्फ ही बर्फ है। अंधेरी के ओशिवरा इलाके में 21 फैरनहीट नाम से देश का पहला आइस बार बनाया गया है। अंदर नीले और लाल रंग की लाइट से सजी बर्फ से बनी दुनिया में प्रवेश करते ही लगता है जैसे हम अंटार्कटिका पहुँच गए हैं।

खाएं और पिएं बर्फ में

आइस बार का पूरा इंटीरियर बर्फ से ही बनाया गया है। सिर्फ दीवारें और दरवाजें ही नहीं बल्कि आप जिस टेबल पर बैठेंगे वह टेबल भी बर्फ का ही है और आप जिस प्लेट में खाना खाएँगे और जिस गिलास में ड्रिंक लेंगे वह भी बर्फ का ही है। जब आप बर्फ के गिलास को अपने होंठों से स्पर्श करते हैं, तो आप बहुत अच्छी तरह से देख सकते हैं कि आपके मुंह की गर्मी ने ठंडे गिलास पर दांतों के निशान बना दिए हैं।

मॉकटेल्स से कॉकटेल्स तक सब है मौजूद

आइस बार में अंदर जाते ही बार टेंडर आपका स्वागत करता है। बर्फ से बने गिलास में मॉकटेल्स से लेकर कॉकटेल्स तक से आपका स्वागत किया जाता है। खाने में वेजीटेरियन और नॉन वेजिटेरियन डिशेस हैं जिनमें सुशी से लेकर कबाब, चिकन, मटन तक सब कुछ मुहैया कराया जाता है।

बर्फ से बनी कुर्सियों पर आप बैठ जाएँ और बर्फ से बने टेबल पर खाना खाइए। जब आप कोई आर्डर देते हैं तो सिगड़ी पर गरम गरम डिश पेश की जाती है जिसे आपको पंद्रह मिनट में खत्म करना होता है वरना ये ठंडी हो जाएगी और इसका स्वाद फीका पड़ जाएगा।

LIVE TV