राजस्थान के बरसाती नाले में पाए गए 13 मृत मोर, जिला प्रशासन में मचा हड़कंप

राजस्थान के बूंदी जिले में 13 मरे हुए मोरों को बरसाती नाले से बरामद किया गया। संभावना है कि इन मोरों को विषाक्त दाना देकर मारा गया है। मरे हुए मोरों के पास ही दो अचेत मोर भी पाए गए हैं। राष्ट्रीय पक्षी से जुड़ी इस घटना के बाद बूंदी जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

यह पूरा मामला बूंदी के तालेड़ा क्षेत्र के बाजड से सुवासा गांव के बीच कालीखाट बरसाती नाले का हैं। आशंका जताई जा रही है कि शिकार के तहत इन मोरों की मौत हुई है। वन विभाग के कर्मचारी, पशु चिकित्सक और बाजड सरपंच नाथूलाल बैरवा मौके पर पहुंच चुके हैं। जानकारी के मुताबिक मोरों के शव के पास मक्का व गेहूं के दाने बिखरे पड़े थे।

संभावना है कि शिकारियों ने इन दानों में विषाक्त पदार्थ मिलाकर वहां पर फेंका होगा। मोरों के द्वारा इन दानों को खाने के कारण उनकी मौत हुई होगी। तालेड़ा पशु चिकित्सालय में मोरों के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। इसके साथ ही पशु चिकित्सक दोनों अचेत मोरों का इलाज कर रहे हैं। इधर वन्यजीव प्रेमियों ने मोरों को विषाक्त पदार्थ देकर मारने वाले शिकारियों के खिलाफ प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग करी है।

यह भी पढ़े-दिल्ली विधानसभा परिसर में मिला फांसी घर, लोग नजारा देख रह गए दंग

LIVE TV