4 महीने से नहीं मिला वेतन, सीएम हेल्पलाइन की कर्मचारी ने खाया जहर

लखनऊ। सीएम हेल्पलाइन 1076 में काम करने वाले सैकड़ों कर्मचारियों को चार महीने से वेतन नहीं मिला है। इसे लेकर सैकड़ों कर्मचारी तीसरे दिन भी जमकर प्रदर्शन कर रहे हैं। अब यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है।

सीएम हेल्पलाइन

तीसरे दिन जारी प्रदर्शन के मामले में शालू नाम की कर्मचारी ने जहर खा लिया। उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लड़की की हालत गंभीर बताई जा रही है। लड़की के साथियों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।

मामला बिगड़ता देख मौके पर एसीएम 4 अमित कुमार पहुंच चुके हैं। स्थिति को देखते हुए गोमती नगर थाने की भी फोर्स बुला ली गई है।

वहीं दूसरी तरफ कंपनी की तरफ से 30 प्रदर्शनकारी लड़के और लड़कियों पर एफआईआऱ दर्ज कराने की धमकी दी गई है। कंपनी के एमडी अभिषेक गुप्ता और प्रोजेक्ट हेड ध्रुव मिश्रा ने लिस्ट तैयार की है।

आपको बता दें किस बुधवार को भी कर्मचारियों ने विभूतिखंड थानाक्षेत्र स्थित साइबर टॉवर के छठे फ्लोर पर जमकर हंगामा किया था। कर्मचारियों का आरोप है कि होली का त्यौहार भी निकल गया, लेकिन अभी तक वेतन नहीं मिला है।

आपको बता दें कि सैलेरी को लेकर पिछले 6 महीनों से श्योरविन कंपनी और काल सेंटर कर्मचारियों का विवाद चल रहा है। कर्मचारियों को कल 7 बजे तक सैलरी दिए जाने का दिया आश्वाशन दिया गया था।

आक्रोशित कर्मचारियों ने बताया कि कंपनी में करीब 1500 कर्मचारी तीन शिफ्ट में काम करते है, लेकिन संस्था ने पिछले तीन-चार महीने से सैलरी नहीं दिया। जो कर्मचारी वेतन की मांग करता है उसे बिना सूचना के निकाल दिया जाता है।

प्रबंधन की तानाशाही से नाराज कर्मचारियों ने गांधी प्रतिमा पर हंगामा किया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि वेतन नहीं मिला तो मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जायेगा।

आपको बता दें कि यह हेल्पलाइन एक कॉल कर घर बैठे जनता की शिकायत और समस्या का समाधान करने के लिए शुरू की गई है। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से तैयार इस हेल्पलाइन के लिए पांच सौ कर्मचारी प्रति शिफ्ट की क्षमता का कॉल सेंटर गोमती नगर में स्थापित किया गया।

1076 टोल फ्री नंबर पर कॉल कर जनता अपनी समस्या या शिकायत दर्ज करा सकती है। शिकायत दर्ज करते ही ऑनलाइन संबंधित विभाग को हस्तातरित और संबंधित अधिकारी या कर्मचारी को मोबाइल संदेश के जरिए उसके समाधान के लिए निर्देशित किया जाता है।

LIVE TV