
अलीगढ़ में एक बड़ा ठगी कांड सामने आया है। एक फर्जी नेशनल सिक्योरिटी कंपनी के संचालकों ने महिलाओं को नौकरी दिलाने का लालच देकर उनके दस्तावेज लेकर बैंक अकाउंट खुलवाए और फिर उनके नाम पर 2 लाख से 6 लाख रुपए तक का लोन ले लिया। लोन की रकम निकालकर आरोपी फरार हो गए, जिससे पीड़ित महिलाओं पर कर्ज का बोझ पड़ गया।
यह घटना बन्ना देवी और गांधी पार्क थाना क्षेत्र की कई महिलाओं के साथ हुई। आरोपियों ने जॉब देने के बहाने आधार कार्ड, पैन कार्ड जैसे दस्तावेज लिए और बिना महिलाओं की जानकारी के लोन सैंक्शन करवा लिया। जब महिलाओं को लोन की EMI कटने की सूचना मिली, तब ठगी का पता चला।
मामले का खुलासा होने पर पीड़ित महिलाएं घंटाघर पर इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचीं। प्रदर्शन के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
पीड़ित महिलाओं ने बताया कि आरोपी खुद को नेशनल सिक्योरिटी कंपनी का संचालक बताते थे और अच्छी सैलरी वाली नौकरी का वादा करते थे। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और ऐसी फर्जी कंपनियों के झांसे में न आने की अपील की है।





