बागपत खाप पंचायत का फरमान: किशोरों के स्मार्टफोन-हाफ पैंट पर बैन, मैरिज होम में शादी रोकने का ऐलान

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत में थांबा देश खाप की बड़ी पंचायत में सामाजिक सुधार के नाम पर कई सख्त फैसले लिए गए। पंचायत ने 18-20 साल से कम उम्र के किशोरों (लड़के-लड़कियां दोनों) के स्मार्टफोन इस्तेमाल और हाफ पैंट पहनने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया। खाप चौधरियों का कहना है कि कम उम्र में फोन युवाओं को गलत दिशा में ले जा रहा है और हाफ पैंट पहनना पश्चिमी प्रभाव व सामाजिक मर्यादा के खिलाफ है।

लड़के-लड़कियां दोनों के लिए समान नियम
खाप चौधरी ब्रजपाल सिंह ने कहा कि समाज का फैसला सर्वोपरि है। लड़के और लड़कियां समान हैं, इसलिए नियम भी दोनों पर लागू होंगे। हाफ पैंट पहनकर घूमना समाज पर बुरा असर डालता है। राजस्थान में महिलाओं पर स्मार्टफोन बैन के फैसले की तारीफ करते हुए इसे सराहनीय बताया। पंचायत ने इसे पूरे यूपी में लागू करने के लिए अन्य खापों से संपर्क कर अभियान चलाने का ऐलान किया।

शादियों पर नई गाइडलाइंस
पंचायत ने मैरिज होम में शादियां आयोजित करने पर आपत्ति जताई। कहा गया कि शादियां गांव या घरों में ही हों, क्योंकि मैरिज होम से रिश्ते टूटते हैं और अनावश्यक खर्च बढ़ता है। शादी के निमंत्रण अब सिर्फ व्हाट्सएप से स्वीकार किए जाएंगे, प्रिंटेड कार्ड पर रोक। मेहमानों की संख्या सीमित रखने और फिजूलखर्ची रोकने पर जोर।

स्थानीय निवासी नरेश पाल ने फैसले को समय की जरूरत बताया और कहा कि नाबालिगों को फोन देने की जरूरत नहीं। स्कूल में फोन अलग बात, लेकिन घर में नियंत्रण जरूरी।

LIVE TV