हाथरस गैंगरेप कांड को एक साल, अखिलेश बोले- ‘अन्याय का एक वर्ष पूरा..’

यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव नज़दीक आ रहे हैं। ऐसे में पक्ष और विपक्ष एक दूसरे को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। प्रदेश में कानून प्रशासन मज़बूत करने का दावा करने वाली भाजपा सरकार पर सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल उठाए हैं। बता दें कि हाथरस गैंगरेप केस को एक साल पूरा हो गया है, लेकिन पीड़िता और उसके परिवार को अभी तक न्याय का इंतज़ार है।

अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर योगी सरकार को घेरते हुए एक ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि, “भाजपा सरकार के राज में नारी पर अत्याचार व उत्पीड़न की प्रतीक ‘हाथरस की बेटी’ के साथ हुए अन्याय का आज एक वर्ष पूरा हुआ पर न्याय अभी भी नहीं मिला। उप्र की एक भी बेटी, बहन, माँ, बहू भाजपा सरकार को कभी माफ़ नहीं करेगी। अब जनता ही इंसाफ़ करेगी, भाजपा को साफ़ करेगी।” गौरतलब है कि पिछले साल पूरा देश हाथरस रेप कांड के बाद आक्रोषित हो उठा था और तमाम विपक्षी नेताओं और राष्ट्रीय मीडिया की चर्चाओं का मुख्य केंद्र बन गया था। इस केस में चार लोगों पर गैंगरेप करके पीड़िता की जुबां काटने और रीढ़ की हड्डी तोड़ने के गंभीर आरोप थे। लेकिन प्रशासन की तरफ से लापरवाही बरतने और आरोपियों को बचाने के भी आरोप लगाए थे।

LIVE TV