चिंतन शिविर में आचार्य प्रमोद कृष्णम हुए मुखर, प्रियंका गांधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जानें की मांग

कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पार्टी को मजबूत करने की रणनीति बनाने में जुटी है। राजस्थान के उदयपुर में चल रहे कांग्रेस के तीन दिवसीय विचार-मंथन सत्र ‘चिंतन शिविर’ के आयोजन में शनिवार को पार्टी नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा को पार्टी का अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए क्योंकि वह कांग्रेस का सबसे लोकप्रिय चेहरा हैं।

उन्होंने सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की उपस्थिति में कहा, “दो साल से राहुल गांधी को मनाने की कोशिश की जा रही है। अगर वह तैयार नहीं हैं, तो प्रियंका गांधी वाड्रा को पार्टी का अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए।हालांकि आचार्य प्रमोद कृष्ण के इस तर्क का किसी ने कोई जवाब नहीं दिया, लेकिन राज्यसभा सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे ने उन्हें बीच में रोक दिया।

बता दें कि प्रियंका गांधी को कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की मांग करने वाले आचार्य प्रमोद कृष्णम अकेले नेता नहीं हैं, बल्कि उनके अलावा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भी कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा को एक राज्य तक सीमित ना रखकर राष्ट्रीय स्तर पर लाया जाना चाहिए। इसी चर्चा के दौरान कांग्रेस के गुजरात प्रभारी रघु शर्मा ने कांग्रेस को चेताते हुए कहा कि अगर पार्टी नहीं सुधरी तो खत्म हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस गुजरात और हिमाचल प्रदेश में आगामी राज्य चुनाव नहीं जीतती है, तो 2024 के लोकसभा चुनाव की कोई उम्मीद नहीं है। इस बीच, कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस सौ साल से अधिक समय से भारतीय राजनीति के केंद्र में रही है। भाजपा ने हर पहलू से देश को नीचा दिखाया है। युवाओं को नौकरी की जरूरत है और प्रगति की जरूरत है।

LIVE TV