
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल भटिंडा पहुंचे। उन्नत और समृद्ध पंजाब बनाने के लक्ष्य के साथ उन्होंने यहां व्यापारियों से बात की। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा, आज दो ऐलान करूंगा। पहला, हमारी सरकार बनेगी तो 1 अप्रैल के बाद हर व्यापारी की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी होगी। उसके बाद व्यापारियों को डरने की जरूरत नहीं है। दूसरा, हम आपको ईमानदार सरकार देंगे। भ्रष्टाचार और अफसर राज से मुक्ति दिलाएंगे।

सारी पार्टियों को व्यापारियों से पैसा चाहिए, मुझे आपसे पैसा नहीं चाहिए। मैं आपको पंजाब की तरक्की में भागीदार बनाने आया हूं। सरकार बनने के बाद वैट का रिफंड तीन से चार महीनों में दिलाएंगे। चन्नी साहब ने अखबार में विज्ञापन दिया कि मैं अफसर राज खत्म करूंगा, तो कर दो अभी तो 2 महीने हैं। नीयत नहीं है, नीयत खराब है। करना हो तो 49 दिन ही बहुत है। चन्नी साहब को तो 5 महीने मिले हैं।
सीएम केजरीवाल ने कहा कोरोना काल में दिल्ली सरकार ने जिस तहर से कार्य किया। उसकी तारीफ आज पूरी दुनिया में हो रही है। वहीं जब पंजाब में कोरोना फैला था तो जनता को अनाथ छोड़ कर मुख्यमंत्री की कुर्सी की लड़ाई चल रही थी। उन्होंने कहा, जब चुनाव आते है तो नेताओं को जनता की याद आती हैं और अपने कमरें में बैठ घोषणा पत्र बनाते है। उन्हें पता ही नहीं कि जनता चाहती क्या हैं? पंजाब को आगे कैसे लेकर जाना है। ये तो जनता, व्यापारी ही बताएंगे। इसीलिए हम आप लोगों के साथ बैठ कर घोषणा पत्र बनाते है।