
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक तीन मंजिला इमारत में आग लग गई। इस घटना में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से अधिकांश छात्र थे। खबरों के मुताबिक, आग से बचने के लिए छात्रों ने दूसरी मंजिल पर स्थित कोचिंग सेंटर के बाथरूम में खुद को बंद कर लिया। एक छात्र ने अपनी जान बचाने के लिए पहली मंजिल से छलांग लगा दी, लेकिन वह नीचे लोहे की ग्रिल पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर दमकल कर्मियों की करीब 10 गाड़ियां तैनात हैं और आग बुझाने के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा रहा है।
एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंच चुकी हैं। दमकलकर्मियों ने इमारत की पिछली दीवार तोड़कर अंदर से शवों को निकाला है।पुलिस अधिकारी ने बताया कि लगभग 10 और लोग अभी भी अंदर फंसे हुए हैं। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। करीब 14 एम्बुलेंस को मौके पर बुलाया गया है। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हुई अग्निकांड में जानमाल के नुकसान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है।



