Surya Grahan 10 June : आज साल का पहला सूर्य ग्रहण, 148 वर्ष बाद बन रहा अदभुत संयोग
साल का पहला सूर्य ग्रहण आज यानी 10 जून को दिखेगा। हालांकि ये भारत के अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख में ही दिखाई देगा। जबकि नॉर्थ अमेरिका, यूरोप और एशिया में इस ग्रहण को साफ-साफ देखा जा सकेगा। भारतीय समयानुसार ये ग्रहण दोपहर 1.42 बजे शुरू होगा और शाम 6.41 बजे खत्म हो जाएगा।
ज्योतिषियों की मानें तो यह ग्रहण भारत में नहीं लग रहा है इसलिए इसका कोई सूतक काल मान्य नहीं होगा। इसलिए इस ग्रहण के कारण पूजा पाठ, दान पुण्य पर कोई रोक नहीं होगी। हिंदू पंचांग के अनुसार, साल के पहले सूर्यग्रहण के दिन ज्येष्ठ मास की अमावस्या, शनि जयंती और वट सावित्री व्रत भी है। सूर्यग्रहण के दिन धृति और शूल योग भी बनेगा।
आपको बता दें कि ये घटना उस वक्त घटती है जब सूर्य, चंद्रमा और पृथ्वी एक सीधी रेखा में आ जाते हैं। ऐसे में कुछ समय के लिए चंद्रमा पूरी तरह से सूर्य की रोशनी को रोक देता है। ऐसे में सूर्य ग्रहण होता है। जब चंद्रमा के पीछे से धीरे-धीरे सूर्य की रोशनी बाहर आती है तो एक समय इसकी चमक किसी हीरे की अंगूठी की तरह प्रतीत होती है, जिसको रिंग ऑफ फायर भी कहा जाता है।
भारत की बात करें तो इसे शाम लगभग 5:52 बजे इसे अरुणाचल प्रदेश में दिबांग वन्यजीव अभयारण्य के पास से देखा जा सकेगा। वहीं, लद्दाख के उत्तरी हिस्से में ये शाम लगभग 6 बजे दिखाई देगा।