इस तरह से हुई थी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत…

दुनियाभर में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। योग के अभ्यास से ना सिर्फ शरीर रोगमुक्त रहता है बल्कि मन को भी शांति मिलती है। हमारी भारतीय संस्कृति का योग अभिन्न हिस्सा रहा है। इस खास दिवस के मौके पर हर कोई योग से होने वालों फायदों के बारे में बात करता है और योग करते हुए अपनी तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा करता है। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से योग दिवस के इतिहास और इस साल के थीम के बारे में बताएंगे।

कैसे हुई शुरुआत?
वैसे तो आज के समय में दुनिया भर के लोग स्वस्थ रहने के लिए योग कर रहे हैं। लेकिन यह हमारी भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। योग दिवस को एक साथ पूरी दुनिया में मनाने की पहल भी भारत के द्वारा की गई। 27 सितंबर 2014 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में दुनियाभर में योग दिवस मनाने का आह्वान किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्ताव पर संयुक्त राष्ट्र महासभा ने सिर्फ तीन महीने के अंदर इसके आयोजन का ऐलान कर दिया था।

21 जून को ही क्यों? 
कई लोगों के मन में यह सवाल जरूर उठता है कि आखिर 21 जून को ही योग दिवस के रूप में क्यों मनाया जाता है। इसके पीछे की वजह भी काफी खास है। इस दिन उत्तरी उत्तरी गोलार्द्ध का सबसे लंबा दिन है, जिसे कुछ लोग ग्रीष्म संक्रांति भी कहकर बुलाते हैं। भारतीय परंपरा के अनुसार ग्रीष्म संक्रांति के बाद सूर्य दक्षिणायन हो जाता है। कहा जाता है कि सूर्य के दक्षिणायन का समय आध्यात्मिक सिद्धियां प्राप्त करने में बहुत लाभकारी होता है इसी वजह से 21 जून को ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ के रूप में मनाते हैं।

पहले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भारत ने बनाया था रिकार्ड
संयुक्त राष्ट्र महासभा की मंजूरी के बाद 21 जून 2015 को पहला ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ मनाया गया। उस समय पीएम मोदी के नेतृत्व में करीब 35 हजार से अधिक लोगों और 84 देशों के प्रतिनिधियों ने दिल्ली के राजपथ पर योग के 21 आसन किए थे। इस खास आयोजन में गिनीज बुक में दो रिकार्ड दर्ज हुए थे। पहला रिकार्ड 35,985 लोगों के साथ योग करना और दूसरा रिकार्ड 84 देशों के लोगों द्वारा इस समारोह में हिस्सा लेना।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम
इस साल कोरोना वायरस महामारी के कारण लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग फॉलो करने की सलाह दी गई है। ऐसे में इस साल योग दिवस का थीम भी ‘घर पर योग और परिवार के साथ योग’ है।

LIVE TV