
नाइजीरिया। दो साल पहले आतंकी संगठन बोको हराम ने स्थानीय स्कूलों से 270 लडकियों का अपहरण कर लिया था। आज एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने जानकारी दी है कि दो साल पहले बोको हराम ने स्कूली लड़कियों को अगवा किया था उनमें से 21 लड़कियों को आज़ाद कर दिया गया है। अगवा हुई स्कूली लड़कियों को छुड़ाने के लिए उनके माता पिता लगातार प्रदर्शन करते रहे हैं।
अधिकारी ने पहचान न बताने की शर्त पर ये जानकारी दी है और सरकार ने इस बारे में फ़िलहाल कोई बयान जारी नहीं किया है। ख़बर की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। इससे पहले इन लड़कियों की रिहाई की कुछ ख़बरें ग़लत भी साबित हुई हैं।
ऐसा माना जा रहा है कि इन लड़कियों को उत्तरपूर्वी शहर माइदुगुरी में सुरक्षा बलों की निगरानी में सुरक्षित रखा गया है।
अधिकारी ने ये नहीं बताया है कि ये लड़कियां बोको हराम के चंगुल से कैसे निकली हैं या निकाली गई हैं।
हालांकि नाइजीरिया की सेना ने पिछले कई दिनों से बोको हराम के गढ़ माने जाने वाले सामबिसा जंगलों में बड़ा अभियान छेड़ा हुआ है।
बोको हराम कट्टरपंथी इस्लामी संगठन है और नाइजीरिया की सरकार मानती है कि इसने पिछले कुछ वर्षों में कई हिंसक घटनाओं को अंजाम दिया है।