
समुंद्र हो या विशाल नदी या बहुत ऊंचा झरना, वॉटर बॉडी हमेशा से पर्यटकों को आकर्षित करती रहीं हैं। कभी लोग समुद्र के नीले रंग पर सर्फिंग करने जाते हैं तो कभी बहुत ऊंचाई से गिरने वाले झरने के शोर का आनंद उठाने। ये पानी का अलग-अलग रूप है, लेकिन रंग अमूमन एक ही होता है। ऐसे में अगर पानी का रंग ही अलग हो तो दुनिया भर पर्यटकों के लिए वह अपने आप आकर्षण का केंद्र बन जाता है।

यहां हम बात कर रहे हैं मेलबर्न, ऑस्ट्रेलिया के वेस्टगेट पार्क में मौजूद हिलर लेक की, जो पिंक लेक या सलाइन लेक के नाम से पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। इस झील का पानी गुलाबी होने के कारण ये दुनिया भर के पर्यटकों को अपनी तरफ आकर्षित करता है। दूर-दूर से लोग इस झील को देखने और बोटिंग करने आते हैं। इस झील का क्षेत्रफल मात्र 600 वर्ग मीटर है, इसलिए ये दुनिया की सबसे छोटी और खूबसूरत झील में शामिल है। झील के चारों तरफ लगे पेपरबार्क और यूकेलिप्टस के पेड़ इसकी खूबसूरती को चार चांद लगाते हैं।

पिंक लेक, मेलबर्न के औद्योगिक क्षेत्र में मौजूद है। इसलिए लोगों को पहले लगता था कि यहां का पानी औद्योगिक कचरे से प्रदूषित होकर गुलाबी हो जाता है। लिहाजा काफी समय तक इस झील के पानी को खतरनाक माना जाता था। हालांकि बाद में वैज्ञानिकों ने जब झील के पानी का रंग गुलाबी होने की वजह तलाशी तो ये दुनिया के सबसे अनोखे नेचर टूरिज्म क्षेत्र में शामिल हो गया।

इस झील के पानी में काफी मात्रा में नमक, एल्गी और बैक्टीरिया है। इसमें नमक की मात्रा जब काफी बढ़ जाती है तो इसका पानी पिंक हो जाता है। इसके रंग बदलने की तीन और मुख्य वजहें मानी जाती हैं और वो है यहां का उच्च तापमान, सूर्य की तेज रोशनी और झील में जमा होने वाला बारिश का पानी।
विशेषज्ञों के अनुसार एल्गी और बैक्टीरिया होने के बावजूद इस झील का पानी इंसानों और जानवरों के लिए नुकसानदायक नहीं है। इस वजह से काफी संख्या में लोग यहां तैराकी और बोटिंग का मजा लेने आते हैं।
चुनाव से पहले मोदी ने छुए अपनी मां के पांव, उन्होंने दिया 2014 वाला आशीर्वाद
अपनी खूबसूरती की वजह से पिंक लेक सोशल मीडिया पर छाई हुई है। कुछ साल में ही ये लेक दुनिया भर में मशहूर हो चुकी है। पहली बार इस गुलाबी झील का पता 2012 की सर्दियों में चला था। हालांकि, इस झील को कई वर्ष पहले बनाया गया था। बताया जाता है कि हर साल सर्दियों के मौसम में इस झील का रंग गुलाबी हो जाता है। हालांकि सोशल मीडिया पर इस लेक की फोटो देखने वाले बहुत से लोगों को लगता है कि ऐसा संभव नहीं हो सकता और कैमरा फिल्टर के जरिए झील का रंग पिंक किया गया है।




