हाथरस जाने के लिए हंगामा करने वाले 500 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज, जानें पूरा मामला

लखनऊ: हाथरस में गैंगरेप का शिकार हुए पीड़ित के परिवार से मिलने गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत 500 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

शनिवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के हाथरस जाने के दौरान डीएनडी फ्लाईओवर पर पार्टी कार्यकर्ताओं के कथित तौर पर हंगामा किया था। जिसको लेकर मामले में कार्रवाई की गई है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कथित तौर पर धारा 144 का उल्लंघन करने और महामारी अधिनियम के तहत यह मामला शनिवार देर रात थाना सेक्टर-20 में दर्ज किया गया था।

वहीं इस पूरे मामले पर अपर पुलिस उपायुक्त, जोन प्रथम, रणविजय सिंह ने बताया कि शनिवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित पार्टी के कई नेता हाथरस जाने के लिए दिल्ली से डीएनडी फ्लाईओवर पहुंचे थे।

कांग्रेस कार्यकताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक के बाद राहुल समेत पांच लोगों को हाथरस जाने की अनुमति दी गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं को आगे जाने की अनुमति नहीं दी।

अपर उपायुक्त ने कहा कि इस कारण कांग्रेस की गौतम बुद्ध नगर जिला इकाई के अध्यक्ष मनोज चौधरी सहित करीब चार-पांच सौ कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया तथा धारा 144 व महामारी अधिनियम का उल्लंघन किया।

LIVE TV