भाजपा सांसद ने सात मुस्लिमों को बताया ‘शैतान’, छाती पर मूंग दलने का ऐलान

भाजपा सांसदकैराना। भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर कैराना का मुद्दा उछालने की तैयारी कर रही है। भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने हाल में एक पंचायत के दौरान हिन्दूओं का आह्वान करते हुए कहा कि शैतान की छाती पर मूंग दलने का वक्त आ गया है।

सांसद का यह बयान एक हिन्दू शख्‍स की हत्या के बाद सामने आया। इस मामले में कैराना मे हुई पंचायत में हुकुम सिंह शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि मारे गए शख्‍स पर सात मुस्लिम युवकों ने जानलेवा हमला किया था। हुकुम सिंह ने इनकी तरफ इशारा करते हुए ही ‘शैतान’ शब्द का इस्तेमाल किया।

मंगलवार को कैराना के अकबरपुर गांव मेंं हई पंचायत में युवक की हत्‍या की निंदा की गई। सांसद ने सभा में एकजुट होकर उस शैतान के खिलाफ लड़ने को कहा, जिसने ‘मासूम युवक’ को मार दिया।

मारा गया शख्‍स 55 साल का ब्रह्मपाल सिंंह है। ब्रह्मपाल उस केस का मुख्य गवाह था, जिसमें महिला का गैंगरेप करके उसे मार दिया गया था। ब्रह्मपाल को सोमवार को उसके घर के बाहर ही किसी ने गोली मार दी थी। उसकी रिश्तेदार महिला को 4 अप्रैल को कुछ लोगों ने किडनैप कर लिया था। तीन दिन बाद उसका मृत शरीर बरामद हुआ था। गांव के ही सात मुस्लिम लोगों पर ब्रह्मपाल के मर्डर का आरोप लगा है।

इस मामले में पुलिस एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है। हालांकि जांच-पड़ताल में कई और सवाल भी खड़े हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जिस वक्त ब्रह्मपाल को गोली मारी गई, उस समय परिवार के किसी सदस्य ने तुरंत पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी। हत्या की सूचना अगले दिन सुबह दी गई। पुलिस इस देरी के बारे में भी जांच कर रही है।

इस मामले पर गांव के प्रधान दाउद अली ने कहा कि लोगों ने ब्रह्मपाल के मर्डर की जानकारी पुलिस को देने की जगह पहले मंदिर में लगे लाउड स्पीकर पर दी थी। दाउद ने यह भी कहा कि ब्रह्मपाल उनका अच्छा दोस्त था और केस में गलत लोगों को फंसाया जा रहा है।

गौरतलब है कि अकबरपुर मुस्लिम बहुल इलाका है। उसके इकलौते मंदिर में लगभग 150 गांववालों को संबोधित करते हुए बीजेपी सांसद हुकम सिंह बोले, ‘जिस किसी ने भी बेचारे गरीब आदमी को मारा है। वो चाहते हैं कि तुम उनसे डरो और ये गांव छोड़कर चले जाओ। मगर उन्हें जीतने मत दो। संगठित रहो। यहीं रहो और इन शैतानों की छाती पर मूंग दलो।’ अकबरपुर की आबादी लगभग 5,500 लोगों की है। उनमें से 30 प्रतिशत हिंदू हैं।

LIVE TV