समायोजन की मांग को लेकर सीएम आवास कूच कर रहे शिक्षा आचार्य गिरफ्तार

समायोजन की मांगदेहरादून। शिक्षा मित्र के पदों पर समायोजन की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे शिक्षा आचार्यों को पुलिस ने सीएम आवास कूच करने से रोक दिया। पुलिस ने शिक्षा आचार्यों को कांग्रेस भवन के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार 50 शिक्षा आचार्यों में 17 महिलाएं भी शामिल हैं। सभी को सुद्दोवाला जेल भेज दिया गया।

मंगलवार को शिक्षा आचार्यों ने दोपहर डेढ़ बजे परेड ग्राउंड स्थित धरनास्थल से सीएम आवास कूच किया। तय रूट पर चलने के बजाय शिक्षा आचार्य कनक चौक से राजपुर रोड की ओर आगे बढ़ गए। तब यहां काफी कम पुलिसवाले थे, ऐसे में वह उन्हें नहीं रोक पाए।

इनके कांग्रेस भवन तक पहुंचने पर एसपी सिटी अजय सिंह पुलिसफोर्स के साथ यहां पहुंचे और गिरफ्तारियां शुरू कीं। महिला पुलिस नहीं थी, ऐसे में प्रदर्शन में शामिल महिलाओं को गिरफ्तार नहीं किया जा सका। करीब 20 मिनट बाद महिला पुलिसकर्मी पहुंची, तब महिलाओं की गिरफ्तारी हो पाई।

गिरफ्तारी देने वालों में अध्यक्ष देवेंद्र सिंह बिष्ट, संयोजक पूरण सिंह राणा, खेम सिंह, दौलत सिंह, रामकृष्ण ममगाईं, बीना देवी, रतिराम, सोहन सिंह, अमरीश राणा, शाहिद हुसैन, योगेश बोहरा, कैलाश पंडित, हरीश पांडे, दीप चंद्र, सत्यवती, पुष्पा सैनी, सीमा समेत अन्य शामिल रहे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की।

महिला पुलिस के आने पर गिरफ्तार हुए पूरण सिंह राणा

सभी शिक्षा आचार्यों को पुलिस ट्रक से ले गई। महिला शिक्षा आचार्यों को सिटी बस से सुद्दोवाला जेल ले जाया गया। जबकि पूरण सिंह राणा को शहर कोतवाल के वाहन से ले जाया गया। पूरण की गिरफ्तारी रोकने के लिए साथी महिलाओं ने काफी देर तक उन्हें घेरा बनाकर अपने बीच में रखा। बाद में महिला पुलिस आई तो पूरण को गिरफ्तार किया जा सका।

ट्रैफिक जाम ने बढ़ाई दिक्कत

शिक्षा आचार्यों का जुलूस राजपुर रोड तक पहुंचने से जाम लग गया। अतिथि शिक्षक पहले से ही सचिवालय रोड जाम कर बैठे हैं। ऐसे में राजपुर रोड पर ट्रैफिक का अतिरिक्त दबाव रहा और जुलूस आने से यहां काफी देर जाम लगा रहा।

LIVE TV