

उत्तर भारत में लगातार तापमान में गिरावट जारी है। सुबह में कोहरा और दिन में ठंड के साथ सर्द हवाएं लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास करवा रही हैं और आने वाले दिनों में भी लोगों को शीत लहर का सामना करना होगा। मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने जानकारी दी है कि 18 दिसंबर तक उत्तरी भारत में सर्द हवाओं का दौर जारी रहेगा।
समाचार एजेंसी एएनआइ से बात करते हुए, आइएमडी प्रमुख ने कहा, ’20 दिसंबर से मौसम की स्थिति में सुधार होगा और तापमान में 2-3 डिग्री का इजाफा होगा।’ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के बारे में बात करते हुए, श्रीवास्तव ने कहा, ‘AQI मध्यम और खराब श्रेणी के बीच दर्ज किया जा रहा है और चूंकि हवा की गति अच्छी है, इसलिए अगले तीन दिनों तक इसी श्रेणी में रहने की संभावना है।’
आइएमडी ने आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस का अनुमान लगाया है। आइएमडी ने ट्वीट किया, ‘अगले 24 घंटों के दौरान दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों, पंजाब, हरियाणा एवं चंडीगढ़ में कुछ दिनों में ठंड से लेकर अत्यधिक ठंड होने की संभावना है।’