‘वैलेंटाइन डे की वजह से बढ़ी नाजायज बच्चों की संख्या’

वैलेंटाइन डेनई दिल्‍ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संगठन नेता इंद्रेश कुमार एक बार फिर अपने विवादित बयान के कारण सुर्खियों में है। इस बार संघ नेता ने वैलेंटाइन डे को रेप, नाजायज बच्चों और महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा के लिए जिम्मेदार बताया है। इंद्रेश कुमार ने स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर अपने संबोधन में यह बात कही।

इंद्रेश कुमार का कहना है कि भारत में प्रेम में पवित्रता है, लेकिन पश्चिमी सभ्यता ने ऐसे उत्सवों के जरिये इसका वाणिज्यीकरण कर दिया है। उन्होंने कहा, भारत में प्रेम पवित्र है। यहां प्रेम राधा-कृष्ण, लैला-मजनू और हीर-रांझा की कहानियों के जरिये बयां किया जाता है, लेकिन पश्चिमी संस्कृति में प्रेम का वाणिज्यीकरण है, जिसके कारण वैलेंटाइन डे की शुरुआत हुई और जो अब बलात्कार, नाजायज बच्चों और महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा के लिए जिम्मेदार है। उन्होंने कहा, सिर्फ भारत में ही नहीं, पूरा विश्व आज ऐसी समस्याओं का सामना कर रहा है।

मालूम हो कि इंद्रेश कुमार कई बार अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। इससे पहले भी उन्होंने कहा था कि जो गोमांस खाने की वकालत करते हैं, वे शैतान की पार्टी से जुड़े हैं। उनका कहना था कि गाय मानव जीवन के खाद्यान्न का मौलिक अधिकार नहीं, राक्षसी अधिकार है। उनके मुताबिक वेटिकन सिटी और मक्का-मदीना में भी आज तक गाय की कुर्बानी नहीं हुई है।

LIVE TV