चीन का तानाशाही फरमान, रोजे पर लगाई रोक

बीजिंग। चीन की सत्ताधारी कम्युनिस्ट पार्टी ने देश के मुस्लिम बहुल इलाके शिन्जियान में सरकारी कर्मचारियों, छात्रों और बच्चों के रोजा रखने पर रोक लगा दी है। आधिकारिक रूप से नास्तिक चीनी सरकार पिछले कई सालों से इस इलाके में ऐसे प्रतिबंध लगाती रही है। रमजान का पवित्र महीना सोमवार से ही शुरू हुआ है।

रोजा रखने पर रोक

चीन की तानाशाह सरकार ने इस इलाके के सभी रेस्त्रां खुले रखने के आदेश दिए हैं। इस प्रांत में एक करोड़ मुस्लिम रहते हैं| इनमें अधिकतर उइगर अल्पसंख्यक हैं| इन उइगर अल्पसंख्यकों और राज्य सुरक्षा बलों के बीच अक्सर झड़पें होती रहती हैं।

विभिन्न मानवाधिकार समूह इस तनाव के लिए चीनी सरकार के धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतिबंधों को ही जिम्मेदार ठहराते हैं|

शिन्जियान प्रांत में कई स्थानीय सरकारी विभागों ने पिछले सप्ताह अपनी वेबसाइटों पर रमजान के दौरान रोजे पर प्रतिबंध के आदेश वाले नोटिस लगाए थे। जिसके बाद सरकार के इस फरमान का भारी विरोध हो रहा है|

LIVE TV