रेप पर फिर घिरे हरक, विवादों से है पुराना नाता

लखनऊ। बीजेपी नेता हरक सिंह रावत पर दिल्ली की एक महिला ने रेप की कोशिश का मामला दर्ज कराया है। मामला सफदरजंग थाने में दर्ज किया गया है। हाईप्रोफाइल केस होने की वजह से पुलिस मामले में फूंक-फूंक कर कदम आगे बढ़ा रही है।

हरक सिंह रावत का विवादों से पुराना नाता रहा है। दो साल पहले उन पर असम की एक महिला ने उत्तराखंड में छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। इस मामले की जांच अभी भी चल रही है। गौरतलब है कि ह‍रक सिंह रावत के खिलाफ 2013 में दिल्‍ली के सफदरजंग थाने में ही एक महिला ने रेप का आरोप लगा कर एफआईआर दर्ज करवाई थी। बाद में पीडि़त ने एफआईआर वापस ले ली थी।

खबर तो यहां तक थी कि मामले को दबाने के लिए हरक सिंह रावत ने उस महिला को लगभग डेढ करोड़ का फ्लैट भी खरीद कर दिया था। रावत के खिलाफ 2003 में भी एक अविवाहित महिला ने दुष्कर्म और यौन शोषण का आरोप लगाया था। उस समय इस मामले की सीबीआई जांच हुई थी जिसके कारण उन्हें मंत्री पद छोडऩा पड़ा था। हालांकि वह बाद में इस मामले में बरी कर दिए गए थे।

उत्तराखंड में हरीश रावत की सरकार को झटका देने वाले नौ बागी विधायकों में हरक सिंह रावत भी शामिल थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत भाजपा और संघ से की थी। हरक सिंह 1993 में उत्तर प्रदेश की कल्याण सिंह सरकार में मंत्री थे। इसके बाद वह 1996 में भाजपा छोडक़र बसपा में शामिल हुए।

2004 में उत्तराखंड राज्य बनने पर कांग्रेस में शामिल हो गए और नारायण दत्त तिवारी, विजय बहुगुणा और हरीश रावत मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री थे। हालांकि भाजपा का एक खेमा बागी कांग्रेसी नेताओं को भाजपा में शामिल करने का विरोध कर रहा था। इसके बावजूद उन्हें बीजेपी में शामिल कर लिया गया।

LIVE TV