मामा नाराज : साधु यादव बोले- गैर समुदाय की लड़की से शादी कर तेजस्वी ने किया यादवों का अपमान, समाज नहीं करेगा स्वीकार
राष्ट्रीय जनता दल(आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव और रिचेल गॉडिन्हो की शादी से उनके मामा साधु यादव नाराज दिखाई पड़ रहे हैं। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार साधु यादव ने कहा है कि तेजस्वी ने गैर समुदाय की लड़की से शादी कर यादवों का अपमान किया है। उनकी सभी बहनों ने तो यादवों में ही शादी की है। लेकिन तेजस्वी ने ईसाई महिला से शादी की। यादव समाज इस बात को कभी भी स्वीकार नहीं करेगा।

तेजस्वी के खिलाफ साधु यादव यही तक सीमित नहीं रहे। उन्होंने हमलावर होते हुए कहा कि तेजस्वी यादव दोतरफा बोलने वाले व्यक्ति हैं। उन्हें चुनाव जीतने के लिए यादवों का वोट चाहिए। लेकिन वह यादव समाज की लड़की से शादी नहीं कर सकते। लिहाजा अब उन्हें चंडीगढ़ औऱ केरल जाकर ही वोट मांगना चाहिए। उनके लिए बिहार में अब कुछ भी नहीं बचा है।
किस आधार पर करते हैं जातिगत जनगणना की मांग
साधु यादव ने कहा कि तेजस्वी जाति का बंधन तोड़ खुद तो दूसरे धर्म की लड़की से शादी कर रहे हैं। लेकिन वह बिहार में जाति आधारित जनगणना की बात करते हैं। यह मांग वह किस आधार पर कर रहे हैं। नाराजगी भरे अंदाज में साधु यादव ने कहा कि उन्हें इस शादी से बहुत दुख हुआ है और वह उन्हें शादी की बधाई तक नहीं देंगे।