मप्र में कांग्रेस सरकार 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ करे : शिवराज

भोपाल| मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सरकार बनने के 10 दिन के भीतर किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया है, लिहाजा उन्हें अपना वचन पूरा करना चाहिए। शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा, “राज्य में भाजपा को मिली हार के लिए सिर्फ मैं ही जिम्मेदार हूं। प्रदेश की जनता ने भाजपा को चौकीदार की जिम्मेदारी दी है, जिसे भाजपा निभाएगी।”

चौहान ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दस दिनों में किसानों का कर्ज माफ करने का जो वादा किया है, वह उसे पूरा करेंगे।

शिवराज ने भरोसा जताया कि कांग्रेस सरकार उनकी सरकार की जनहित योजनाओं को जारी रखेगी।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को 41 फीसदी वोट मिले लेकिन सिर्फ 109 सीटें ही मिलीं, क्योंकि चुनावों का अंकगणित अलग होता है। यही देखकर भाजपा ने सरकार बनाने का दावा नहीं किया।

LIVE TV