उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद में एक साढ़े चार वर्षीय मासूम का शव मिला है। मासूम का शव भूसे के ढेर में मिला। परिजनों का आरोप है जिस जगह पर शव मिला वहां वह पहले ही खोजबीन कर चुके थे। किसी के द्वारा बच्चे की हत्या कर शव वहां पर फेंका गया है। मामले में पुलिस छानबीन में जुटी हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

शिवरतगंज थाना इलाके के पूरे शिवरतन सिंह मजरे के पेंडारा गांव से यह घटना सामने आई। जहां अनिल कुमार यादव के साढ़े चार वर्षीय पुत्र प्रिंस का शव मिला। परिजनों ने बताया कि मासूम साढ़े पांच बजे बच्चों के साथ खेलने के लिए गया हुआ था। काफी देर तक उसकी खोजबीन की गई हालांकि कुछ भी पता नहीं लगा। इसके बाद मासूम का शव भूसे के ढेर में मिला। बच्चे के चेहरे और गले पर चोट के कई निशान मौजूद हैं। मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि तफ्तीश जारी है। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। वहीं घटना के बाद से इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।